खनिज माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, अवैध उत्खनन-परिवहन में 3 डम्पर-2 ट्रैक्टर जब्त

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

शिवपुरी। रंजीत गुप्ता। जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर सख्ती दिखाते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। खनिज निरीक्षक रिऋभ सिंह दीक्षित के नेतृत्व में खनिज दल ने कोलारस अनुविभाग के अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध परिवहन में लगे 3 डम्पर/हाईवा व 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए।

कार्रवाई के दौरान लुकवासा क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए 03 डम्पर/हाईवा पकड़े गए। इन्हें जब्त कर लुकवासा चौकी की सुरक्षा में रखा गया है। इसके साथ ही ग्राम कुल्हाड़ी में जांच के दौरान लगभग 10 घन मीटर अवैध रेत का भंडारण पाया गया। मौके से रेत परिवहन में लगी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी अभिरक्षा में लिया गया।

खनिज दल का अभियान ग्राम करई डांडा तक भी पहुंचा। यहां विभाग को लगभग 20 घन मीटर एम-सैंड और 05 घन मीटर रेत का अवैध भंडारण मिला। यहां से भी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर थाना सुरवाया की निगरानी में सौंपी गई है।

खनिज विभाग ने बताया कि सभी मामलों में नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर लिए गए हैं और अर्थदंड की वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। जब्त वाहनों को संबंधित थानों में सुरक्षित खड़ा कराया गया है।

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण की गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने आमजन से भी अवैध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है।