
कलेक्टर से की शिकायत
घुलघुली/उमरिया। देवलाल सिंह। चना उपार्जन सत्र 2026-27 में क्षेत्र के किसानों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।कई कई दिनों से अपना चना लेकर पहुंचे किसान सर्वर ठप रहने के कारण परेशान हो रहे है,जिससे एंट्री भी नहीं हो पा रही है,जिससे किसानों का अनाज तौल के बाद भी आगे की प्रक्रिया पर अधर में लटका है।किसानों का कहना है कि कई दिनों से वे केंद्र के चक्कर काट रहे हैं,किराया आदि लगाकर मंडी पहुंचते है,पर जिम्मेदार तकनीकी खामियों का हवाला दे रहे है,जिससे उपज का पंजीयन और भुगतान प्रक्रिया शुरू नहीं हो पा रही है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान और मानसिक परेशानी दोनों झेलनी पड़ रही हैं।स्थिति यह है कि अनाज की तुलाई होने के बावजूद आगे की कार्रवाई नहीं हो पा रही,जिससे केंद्रों पर अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है।मंगलवार को दो दर्जन से अधिक प्रभावित किसानों ने कलेक्टर से लिखित शिकायत की है,और न्याय की गुहार लगाई है।शिकायती पत्र में जल्द से जल्द सर्वर समस्या दूर कर एंट्री शुरू कराने की मांग की गई है।किसानों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ,तो उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कितनी जल्दी संज्ञान लेता है।कलेक्टर को शिकायती पत्र देने पहुंचे जनार्दन सिंह,परस राम सिंह,रवी सिंह,मंगू सिंह,भीम सिंह,देवलाल सिंह,धर्मपाल सिंह,शिवकुमार सिंह,शिवशंकर सिंह सहित दो दर्जन से अधिक किसानो ने जल्द समस्या के निराकरण की मांग की है।






