फर्जी मुकदमों पर भड़का पटेल समाज, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
निष्पक्ष जांच की मांग तेज, ब्राह्मण-पटेल विवाद गहराया
कोतवाली प्रभारी के ऊपर पटेल समाज ने लगाया गंभीर आरोप

अनूपपुर। क्षेत्र में इस समय माहौल गरमा गया है पटेल समाज के युवकों पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमों के विरोध में समाज के लोगों ने एकजुट होकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। आक्रोशित समाजजनों ने आरोप लगाया कि निर्दोष युवकों को साजिश के तहत फंसाया जा रहा है, जिसे वे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे।
कलेक्टर के नाम सौंपे गए ज्ञापन में साफ तौर पर मांग की गई है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों पर कार्रवाई हो। समाज के नेताओं ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। आपको बता दें कि इस पूरे विवाद की शुरुआत मारपीट का है जहां पर होटल संचालिका एक महिला के साथ ब्राह्मण समाज के कुछ लोगों के द्वारा मारपीट की गई थी और बीच सड़क पर उसे घसीटा गया था जिसके विरोध में पटेल समाज के लोगों द्वारा थाने में पहुंचकर कार्यवाही की मांग की थी। तत्पश्चात सोशल मीडिया में एक दूसरे के खिलाफ पोस्टर वॉर शुरू हुआ और ब्राह्मण समाज के लोगों के द्वारा फर्जी पोस्ट को लेकर ज्ञापन सोपा गया और पटेल समाज के कुछ युवकों के ऊपर फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया है जिसके बाद से दोनों ही समाज में जमकर तनातनी देखने को मिल रही है।
इस पूरे घटनाक्रम ने अब सामाजिक तनाव का रूप ले लिया है। ब्राह्मण और पटेल समाज के बीच विवाद गहराता जा रहा है, जहां दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। बढ़ते तनाव को देखते हुए क्षेत्र में चर्चा और हलचल तेज हो गई है। वहीं फर्जी मुकदमे को लेकर अनूपपुर कोतवाली प्रभारी अरविंद जैन पर एक तरफा कार्यवाही करने का आरोप भी लगाया गया है। पटेल समाज के युवकों ने कोतवाली प्रभारी को हटाए जाने और मुकदमा की सही जांच कर शिथिल किए जाने की मांग की है।
प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए मामले में जांच का भरोसा दिलाया है और दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही, किसी भी प्रकार की अफवाह या माहौल बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर सख्त नजर रखने की बात कही गई है। चर्चा के दौरान पटेल समाज के युवा नेता उत्तम पटेल ने बताया कि हमारे समाज के दर्जनों युवकों के ऊपर फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया है जो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा पुलिस प्रशासन पूरे मामले में निष्पक्ष जांच करें और हमारे समाज के युवकों को न्याय मिल सके यही हम चाहते हैं।







