कन्या परिसर में स्वास्थ्य प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित, छात्राओं में दिखा उत्साह
एनीमिया और प्रारंभिक बीमारियों से बचाव संबंधी दी गई जानकारी

अनूपपुर। जिले के माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर अनूपपुर में स्वास्थ्य संबंधी प्रशिक्षण सह कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) सहित वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम विशेष रूप से उपस्थित रही। वहीं कार्यशाला के दौरान विद्यालय की प्राचार्य डॉ प्रमिला पांडेय समेत समस्त शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यशाला के दौरान वरिष्ठ चिकित्सक डॉ एस सी राय ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य से जुड़ी प्रारंभिक जानकारी प्रदान की, इसमें सामान्य बीमारियों की पहचान, प्राथमिक उपचार, स्वच्छता, संतुलित आहार और आपातकालीन परिस्थितियों में उठाए जाने वाले जरूरी कदमों पर विस्तार से चर्चा की गई। चिकित्सकों ने बताया कि समय रहते लक्षणों की पहचान कर उचित कदम उठाने से गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है।
इसके साथ ही छात्राओं को भी स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। उन्हें व्यक्तिगत स्वच्छता, पोषण, एनीमिया से बचाव, मासिक धर्म स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में जागरूक किया गया। इस दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और चिकित्सकों से सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाएं भी शांत कीं।
सीएमएचओ डॉ अलका तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय स्तर पर इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं, क्योंकि इससे न केवल शिक्षकों की क्षमता बढ़ती है बल्कि छात्र-छात्राओं में भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित होती है।
कार्यक्रम के संबंध में विद्यालय की प्राचार्य ने कहा कि शिविर का उद्देश्य स्कूल स्तर पर स्वास्थ्य शिक्षा को मजबूत करना और छात्राओं को स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन के लिए प्रेरित करना है। आयोजन के अंत में शिक्षकों और छात्राओं ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।







