अनुपपुर में क्रिकेट बॉक्स निर्माण जिला प्रशासन का सराहनीय प्रयास- विधायक अनूपपुर श्री बिसाहूलाल सिंह
क्रिकेट बॉक्स से स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा सुनहरा अवसर- विधायक श्री सिंह
विधायक अनुपपुर ने 15.14 लाख रुपये की लागत से निर्मित क्रिकेट बॉक्स का किया लोकार्पण

अनूपपुर। विधायक अनूपपुर बिसाहूलाल सिंह ने कहा है कि मध्य प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने हेतु विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है, जिनके माध्यम से युवा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। यह प्रदेश के लिए गर्व एवं सराहना का विषय है। उन्होंने कहा कि अनूपपुर नगर में खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्रिकेट बॉक्स का निर्माण जिला प्रशासन का सराहनीय प्रयास है। इसके निर्माण से जिले की नई खेल प्रतिभाओं को उभरने का सुनहरा अवसर प्राप्त होगा।
विधायक बिसाहूलाल सिंह आज अनूपपुर में नवीन क्रिकेट बॉक्स के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने नगर पालिका परिषद अनूपपुर द्वारा मैकल क्लब में जिला खनिज प्रतिष्ठान मद से 15.14 लाख रुपये की लागत से निर्मित क्रिकेट बॉक्स का फीता काटकर लोकार्पण किया। तत्पश्चात उन्होंने उन्होंने बैट पकड़कर औपचारिक रूप से क्रिकेट खेलकर कार्यक्रम का शुभारंभ भी किया।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली, पुलिस अधीक्षक श्री मोती उर रहमान, अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती प्रीति सिंह, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद अनूपपुर श्रीमती अंजुलिका सिंह, उपाध्यक्ष नगर पालिका अनूपपुर श्रीमती सोनाली तिवारी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर श्री कमलेश पुरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पत्रकारगण एवं आमजन उपस्थित रहे।









