IGNTU में अब सभी वर्ग के छात्र ले सकेंगे UPSC/PSC की निःशुल्क कोचिंग

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

DSW को सौंपा गया ज्ञापन

अमरकंटक। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय (IGNTU) में छात्रों के एक साझा प्रयास और एकजुटता की बड़ी जीत हुई है। विश्वविद्यालय के Dr. Ambedkar Center for Excellence (DACE) द्वारा आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं (UPSC/MPPSC/CGPSC/GATE) की निःशुल्क कोचिंग में अब ST, EWS और सामान्य वर्ग के विद्यार्थी भी शामिल हो सकेंगे।

दरअसल सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आगामी 28 फरवरी को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जा रही थी, जिसमें प्रारंभिक अधिसूचना के अनुसार केवल SC और OBC वर्गों को ही पात्र रखा गया था। इससे विश्वविद्यालय के बहुसंख्यक ST वर्ग सहित EWS और सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों में निराशा थी।

बुधवार को छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल ने अधिष्ठाता छात्र कल्याण (DSW) प्रो. तरुण ठाकुर को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं। छात्रों का तर्क था कि एक राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय में ST वर्ग और जनरल वर्ग को कोचिंग से वंचित रखना और शिक्षा के अधिकार में भेदभाव करना संवैधानिक भावना के विपरीत है।

छात्रों की जायज मांगों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रो. तरुण ठाकुर ने मौके पर ही डॉ. अम्बेडकर चेयर के समन्वयक से दूरभाष पर चर्चा की। चर्चा के उपरांत उन्होंने छात्रों को आश्वस्त किया कि “शिक्षा पर सभी का समान अधिकार है” और विश्वविद्यालय प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि इस निःशुल्क कोचिंग का लाभ ST, EWS और सामान्य वर्ग के जरूरतमंद विद्यार्थियों को भी प्राप्त हो। चूंकि मंत्रालय द्वारा छात्रवृत्ति नहीं दी जा सकती इसलिए केवल निःशुल्क कोचिंग का लाभ सभी वर्ग के विद्यार्थी ले सकेंगे।