शिवपुरी। रंजीत गुप्ता। शिवपुरी जिले में आयोजित सांसद खेल महोत्सव में टेबल टेनिस को शामिल नहीं किए जाने के कारण शिवपुरी के होनहार बॉयज व गर्ल्स टेबल टेनिस खिलाड़ी बहुत निराश हैं |
सांसद खेल महोत्सव में क्रिकेट,बैडमिंटन,बास्केटबाल,वालीबाल,एथलेटिक्स,फुटबॉल,हॉकी, खो—खो,कबड्डी,हैंडबॉल,कुश्ती,रस्सा कशी,योग,मलखंभ,सितोलिया 15 खेलों को शामिल किया गया है | शिवपुरी टेबल टेनिस एसोसिएशन के सचिव सुनील जैन ने जानकारी देते हुए बताया,शिवपुरी के टेबल टेनिस खिलाड़ी पिछले 45 वर्षों से राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर शानदार खेल का प्रदर्शन कर शिवपुरी जिले का नाम राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं | पिछले वर्ष भी एम.पी खेलो प्रतियोगिता में राज्य चैंपियनशिप में शिवपुरी के टेबल टेनिस खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पदक जीतने में सफलता प्राप्त की थी | पिछले दो वर्षों में शिवपुरी के 19 टेबल टेनिस खिलाड़ी नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप में शानदार खेल का प्रदर्शन कर शिवपुरी का नाम राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में सफल रहे हैं | इस वर्ष भी सांसद खेल महोत्सव में भाग लेकर खिलाड़ी अच्छे प्रदर्शन के लिए पूरी जी जान से मेहनत कर रहे थे | किंतु खेल महोत्सव में टेबल टेनिस को शामिल नहीं किए जाने से, खिलाड़ी बहुत मायूस हो गए हैं |







