देपालपुर। संदीप सेन। दीपावली के दूसरे दिन पारंपरिक रूप से मनाए जाने वाले धोक पड़वा और गोवर्धन पूजा पर्व पर बुधवार को नगरभर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। विशेष आयोजन श्री 24 अवतार मंदिर परिसर में हुआ, जहां भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी झांकी ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। मंदिर प्रांगण में भगवान श्रीकृष्ण की आकृति को गोवर्धन पर्वत के स्वरूप में सजाया गया, जिसके दर्शन करने श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने गौमाता के साथ गोवर्धन जी की परिक्रमा की और अपनी आस्था व्यक्त की। आयोजन के दौरान भगवान को 56 भोग का भव्य प्रसाद अर्पित किया गया। पूजा-अर्चना के बाद महाप्रसादी का वितरण किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भक्ति संगीत और श्रीकृष्ण भजनों से वातावरण गुंजायमान रहा। नगर के विभिन्न मंदिरों, घरों और चौक-चौराहों पर भी गोवर्धन पूजा और धोक पड़वा के पारंपरिक अनुष्ठान संपन्न हुए। धार्मिक आस्था और लोक परंपराओं का संगम बना यह पर्व, श्रद्धालुओं के लिए आनंद, भक्ति और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक रहा।
