इंदौर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग कर्मचारियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, शासकीय कार्य बंद

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

इंदौर। जनपद पंचायत डॉ. अंबेडकर नगर (महू) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पंकज दरोठिया के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने आज कलेक्टर कार्यालय पर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि 3 सितम्बर की शाम 4 बजे सीईओ दरोठिया के कक्ष में दीपक तिवारी, उमेश ओसारी (जनपद सदस्य), शिव दुबे (सरपंच, ग्राम पंचायत कालाकुण्ड) एवं उनके साथियों ने जबरन घुसकर मारपीट की तथा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। कर्मचारियों ने इस घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि जब उच्च अधिकारियों पर ही कार्यालय में हमला हो सकता है तो अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा गंभीर संकट में है।

अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं होती एवं भविष्य में पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक शासकीय कार्य का बहिष्कार जारी रहेगा। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे जिले की ग्राम पंचायतों और जनपद पंचायतों में तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।

आज के कार्यक्रम में सीईओ सांवेर कुसुम मंडलोई, सीईओ इंदौर प्रियंका टैगोर, पंचायत निरीक्षक राजेन्द्र खरे , राजेश श्रीवास्तव, व्यास, नामदेव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सचिव संघ, पीसीओ संघ, रोजगार सहायक संघ तथा पंचायत विभाग संयुक्त मोर्चा से अशोक मालवीय जी जिला अध्यक्ष गौरव जोशी, ब्लॉक अध्यक्ष विनोद मंडलोई, विनोद शर्मा, मोहन मकवाना, जगदीश पटेल, नरेश दुबे ,सुनील शर्मा और इंदर सिंह राजपूत सहित सैकड़ों कर्मचारियों ने कलेक्टर कार्यालय तक रैली निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया।