
देपालपुर। संदीप सेन। विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध घुमंतू कल्याण विभाग द्वारा देपालपुर तहसील के ग्राम मांचल में स्थित आश्रम शाला परिसर में विमुक्ति दिवस उत्सव उत्साह पूर्वक मनाया गया। विभाग के सहायक संचालक अनिल सोनी ने बताया कि 31 अगस्त 1952 को इन समुदायों के विरुद्ध अंग्रेजो द्वारा बनाया गया आपराधिक जनजाति अधिनियम समाप्त किया गया था। इस उपलक्ष्य में शासन द्वारा इस दिवस को विमुक्ति दिवस के रूप में मनाया जाता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीना सतीश मालवीय ने की। इस दौरान स्वामी श्री दादू महाराज, श्री श्रवण चावड़ा, श्री करण नायक, श्री शंकर एच चौहान, श्री प्रकाश मानावत सहित समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी,अधिकारी कर्मचारी एवं जनसमुदाय उपस्थित थे।
कार्यक्रम में विमुक्त कन्या छात्रावास सांवेर एवं बालक आश्रम शाला के बच्चों ने देशभक्ति पूर्ण नृत्य प्रस्तुतियों से जनसमुदाय को मंत्रमुग्ध कर दिया। अतिथियों ने एक मां के नाम से पौधारोपण भी किया । इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने समुदाय के गौरवशाली अतीत और विमुक्ति दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला, सहायक संचालक श्री सोनी ने विभागीय योजनाओं से अवगत करवाया वही आभार क्षेत्र संयोजक श्री विजय जायसवाल ने माना।








