स्कूली बच्चों ने बनाई भारत मानचित्र की आकृति
पीथमपुर। संदीप सेन। स्वतंत्रता दिवस 2025 के शुभ अवसर पर शासन के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद पीथमपुर द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत विभिन्न रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। नगर पालिका के सीएमओ श्री निशिकान्त शुक्ला के मार्गदर्शन में निकाय के अधिकारी एवं कर्मचारी आठों जोनों में जनजागरण गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।
अभियान के तहत 11 अगस्त को बस स्टैंड जोन से भव्य बाइक रैली निकाली गई, जिसने शहरवासियों को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। वहीं 12 अगस्त को बस स्टैंड जोन में स्कूली बच्चों ने भारत के नक्शे की आकर्षक आकृति बनाकर देशभक्ति का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
छत्रछाया जोन में नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री पप्पु असोलिया, पार्षद प्रतिनिधि श्री महेश पथरिया एवं झोन कर्मचारियों की अगुवाई में तिरंगा रैली निकाली गई। बगदुन जोन में प्रभारी श्री धर्मेन्द्र गुप्ता के नेतृत्व में तिरंगा रैली एवं सागौर क्षेत्र में विशाल बाइक रैली का आयोजन हुआ। इसके अलावा धन्नड और डाकबंगला जोन में भी जनभागीदारी के साथ तिरंगा रैलियां संपन्न हुईं।
शासन द्वारा अभियान को तीन चरणों में संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में नगर पालिका पीथमपुर प्रतिदिन अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर रही है। नागरिकों की सुविधा के लिए आठों जोनों में झंडा विक्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां से सशुल्क राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
देशभक्ति से ओतप्रोत यह अभियान पीथमपुर में स्वतंत्रता दिवस के उत्साह को नई ऊँचाइयों तक पहुंचा रहा है।