टाइगर हमले में युवक गंभीर रूप से घायल, गांव में दहशत का माहौल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

उमरिया। डी के यादव। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर जोन में गुरुवार सुबह एक टाइगर हमले की चौंकाने वाली घटना सामने आई। बाँसा गांव निवासी 28 वर्षीय मुनि राज पिता तेजभान सिंह पर उस समय बाघ ने हमला कर दिया, जब वह गांव के पास स्थित तालाब के किनारे अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त था।

यह हमला सुबह करीब 8 बजे दमना बीट के पीएफ 351 के पास हुआ। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की पार्क टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल युवक को मानपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

हमले के बाद ग्रामीणों में भारी दहशत है। वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और क्षेत्रवासियों को जंगल के किनारे सतर्क रहने की सलाह दी है।

यह घटना एक बार फिर मानव और वन्यजीवों के बीच बढ़ते संघर्ष की ओर ध्यान आकर्षित करती है। लगातार घटते जंगल और बढ़ते मानवीय दखल के कारण इस तरह की घटनाएं अब आम होती जा रही हैं, जिससे वन्यजीव संरक्षण और ग्रामीण सुरक्षा दोनों के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो रही हैं।