जिले का गौरव बने सुधीर मिश्रा, डीडी नेशनल के नए शो में निभाएंगे मुख्य भूमिका

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

उमरिया। डी के यादव। इंदवार से सटे छोटे से गांव दमोय में पले-बढ़े सुधीर मिश्रा ने अपनी मेहनत, लगन और अभिनय प्रतिभा के दम पर नेशनल टेलीविजन की दुनिया में अपनी एक खास पहचान बनाई है। अब वे एक बार फिर दर्शकों के बीच नई भूमिका में नजर आने वाले हैं। जी टीवी के चर्चित शो ‘जागृति’ में मिली अपार सफलता के बाद सुधीर अब दूरदर्शन के नए पारिवारिक धारावाहिक _हिमाचल से ओलंपिक तक का सफर_ में मुख्य किरदार शिखर की भूमिका निभा रहे हैं।यह शो एक संघर्षशील युवक की प्रेरणादायक यात्रा को दर्शाता है, जिसमें सपनों की उड़ान, कठिनाइयों से लड़ाई और अंततः सफलता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।सुधीर के पिता जय कुमार मिश्रा, जो भरेवा शासकीय विद्यालय में शिक्षक के रूप में पदस्थ हैं, बेटे को अधिकारी बनते देखना चाहते थे, लेकिन बचपन से ही अभिनय का जुनून लिए सुधीर ने खुद को एक सफल कलाकार के रूप में स्थापित करने का सपना देखा और आज वह सपना हकीकत बन चुका है।परिवार के करीबी और चचेरे भाई विवेक मिश्र ने बताया कि संयुक्त परिवार में पले-बढ़े सुधीर ने बेहद कम उम्र में ही मुंबई की ओर रुख किया और आज अभिनय के क्षेत्र में अपना अलग मुकाम हासिल किया है,बब्बा यानी दादा जी ज़रूर सुधीर में एक बेहतर कलाकार देखते थे,उनका सपना था कि वो एक दिन टीवी पर ज़रूर आएगा,हालांकि वो अब नही रहे,पर उनके सपने ज़रूर सुधीर ने पूरा कर दिखाया है। *_हिमाचल से ओलंपिक तक का सफर_* का प्रसारण 4 अगस्त से डीडी नेशनल पर सोमवार से शुक्रवार शाम 7:30 बजे होगा, जबकि इसका पुनः प्रसारण सुबह 9:30 बजे किया जाएगा।सुधीर मिश्रा की यह सफलता न केवल उनके परिवार,बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है,युवा प्रतिभाओं के लिए भी उनकी ये सफलता प्रेरणा है