
हाउस कैप्टन को मिली जिम्मेदारी, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
बिरसिंहपुर पाली। डी के यादव। सेंट जोसेफ हाई स्कूल बिरसिंहपुर पाली में शनिवार को ग्रीन डे का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ छात्रसंघ के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को हाउस कैप्टन की जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
कार्यक्रम की शुरुआत आगंतुकों के स्वागत से हुई, जिसमें छात्रों ने पारंपरिक तरीके से अतिथियों का अभिनंदन किया। इसके बाद मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। विद्यालय में हाल ही में संपन्न छात्र चुनाव के बाद चयनित छात्र प्रतिनिधियों को हाउस कैप्टन की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यक्रम में उपस्थित विशेष अतिथियों ने चयनित छात्रों को रिबन पहनाकर शपथ दिलाई और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर एसडीएम अंबिकेश प्रताप सिंह, वन विभाग के रेंजर सचिनकांत, वरिष्ठ समाजसेवी प्रकाश पालीवाल, विद्यालय के संस्थापक सेवस्टियन जॉर्ज एवं बीना सेबेस्टियन मंचासीन रहे। अतिथियों के द्वारा विद्यालय परिसर में फलदार पौधों का रोपण किया गया। इस पहल के माध्यम से छात्रों को यह संदेश दिया गया कि पर्यावरण संरक्षण सिर्फ एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है जिसमें हर किसी को भागीदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण विषयक नाटक, गीत, भाषण और नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि प्रकृति हमारी धरोहर है और हमें उसे सहेजकर अगली पीढ़ियों तक पहुंचाना है।मुख्य अतिथियों ने अपने उद्बोधन में नव नियुक्त हाउस कैप्टन को जिम्मेदारी का निर्वहन ईमानदारी और निष्ठा से करने की प्रेरणा दी। साथ ही उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में निरंतर प्रयास करें और समाज में जागरूकता फैलाएं।कार्यक्रम का समापन विद्यालय परिवार के आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। ग्रीन डे के इस आयोजन ने विद्यार्थियों के मन में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना को सशक्त किया।








