
अमरपुर में जनसमूह को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ,
उमरिया। डी के यादव। नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को लेकर शहडोल रेंज की डीआईजी सविता सुहाने ने अमरपुर चौकी क्षेत्र में जोरदार जनजागरूकता अभियान चलाया। मंगल भवन, अमरपुर में आयोजित “नशे से दूरी है जरूरी” कार्यक्रम में उन्होंने ग्रामीणों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान के बारे में जानकारी दी और सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।
डीआईजी सुहाने ने कहा कि पुलिस अब गाँव-गाँव जाकर युवाओं, बच्चों और आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत करा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पुलिस प्रशासन के इस अभियान से जुड़ें और समाज को नशे से मुक्त बनाने में सहयोग करें।कार्यक्रम के अंत में रैली निकालकर नशा मुक्ति का संदेश दिया गया। इस दौरान ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।इस कार्यक्रम में एसडीओपी डॉ. नागेन्द्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी इंदवार गोविंद सिंह, अमरपुर चौकी प्रभारी शिवनाथ प्रजापति, उमरिया अजाक थाना प्रभारी कस्तुरिया उइके, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मौजीलाल चौधरी, युवा समाजसेवी व पत्रकार राजर्षि मिश्रा, अभिषेक पांडेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।








