विद्युतीकरण कार्य में ठेकेदार की मनमानी निजी जमीन पर गाड़ दिया विद्युत पोल
11000 वोल्टेज के विद्युतीकरण में लापरवाही, ग्रामीण के घर के ऊपर से खींचा जा रहा तार

अनूपपुर। अनूपपुर जिला मुख्यालय से सटे ग्राम पंचायत परसवार के ग्राम मौहरी में पानी टंकी निर्माण कार्य चल रहा है जहां पर पानी टंकी निर्माण कार्य के साथ ही 11000 वोल्टेज का विद्युतीकरण कार्य किया जा रहा है जिसके लिए एक स्थानीय ठेकेदार को कार्य सौंपा गया है जिसमें ठेकेदार द्वारा मनमानी करते हुए स्थानीय गरीब किसानों के जमीन पर ही विद्युत पोल गड़ाया जा रहा है साथ ही नियम विरुद्ध तरीके से विद्युत कनेक्शन कार्य किया जा रहा है जिस कारण से कभी भी कोई दुर्घटना घट सकती है। वही इस पूरे कार्य में विभागीय अधिकारियों की भी मूक सहमति मिली हुई है जिस कारण से ठेकेदार मनमानी करता हुआ नजर आ रहा है।
ग्राम पंचायत परसवार के ग्राम मौहरी में विद्युतीकरण कार्य चल रहा है जिसके अंतर्गत 11000 वोल्टेज का विद्युत तार खींचा जा रहा है जिसके लिए निर्धारित मापदंड के विरुद्ध ही ठेकेदार द्वारा विद्युत पोल गाड़े जा रहे हैं। विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ग्रामीण व शहरी क्षेत्र जहां पर रहवासी हो या फिर घर बना हुआ हो वहां पर 11000 विद्युत कनेक्शन के लिए बड़े और लंबे लोहे के पोल लगाए जाने चाहिए लेकिन ठेकेदार द्वारा मनमानी करते हुए उक्त जगह पर छोटे व सीमेंट के विद्युत पोल लगाए जा रहे हैं।
किसान की निजी जमीन पर गड़ा दिया विद्युत पोल

ग्राम मोहनी में चल रहे विद्युतीकरण में कार्य में ठेकेदार द्वारा मनमानी करते हुए किसानों के निजी जमीन पर विद्युत पोल गड़ाया जा रहा है जबकि स्थानीय किसानों द्वारा इसका विरोध भी किया गया और ठेकेदार को मना किया गया कि उनके निजी जमीन खलिहान में विद्युत पोल न गाड़ा जाए लेकिन स्थानीय ठेकेदार द्वारा मनमानी करते हुए गरीब के जमीन पर ही पोल गड़ा दिया है। स्थानीय किसान बहादुर पटेल ने बताया कि मेरे द्वारा यहां पर गाड़े जा रहे पोल का विरोध भी किया गया लेकिन ठेकेदार द्वारा मनमानी करते हुए मेरी जमीन जहां पर मैंने खलिहान बनाया हुआ है वहां पर विद्युत पोल गड़ा दिया है जिससे मुझे कृषि कार्य करने में काफी परेशानी होगी।
जगह रहने के बावजूद भी घर के ऊपर से खींच रहा तार

ग्राम मोहरी के निवासी बहादुर पटेल ने बताया कि ठेकेदार द्वारा मनमानी करते हुए उसके घर के ऊपर से 11000 किलो वाट का विद्युत तार खींचा जा रहा है जबकि पूर्व में राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना के तहत विद्युत पोल लगाए गए हैं जिसमें तार टूट चुका है लेकिन विद्युत पोल अभी भी खड़े हुए हैं और वहां पर कनेक्शन के लिए जगह भी है लेकिन ठेकेदार द्वारा मनमानी करते हुए मेरे निजी जमीन में खंभा गड़ाकर मेरे घर के ऊपर से तार खींचा जा रहा है जिस कारण से मुझे काफी समस्या हो सकती है लेकिन मेरी समस्या कोई नहीं सुन रहा है।
ठेकेदार की मनमानी बड़े की जगह छोटे विद्युत पोल से चला रहा काम
ग्राम पंचायत परसवार के ग्राम मोहनी में विद्युतीकरण का कार्य चल रहा है जहां पर ठेकेदार की मनमानी साफ देखने को मिल रही है ग्रामीणों ने बताया कि ठेकेदार द्वारा 11000 वोल्टेज का विद्युतीकरण कार्य किया जा रहा है जिसमें आईटी कनेक्शन में उपयोग होने वाले विद्युत पोल का इस्तेमाल हैवी विद्युत कनेक्शन में किया जा रहा है जिस कारण से विद्युत तार की ऊंचाई बहुत ही काम है जिस कारण से भविष्य में उसके नीचे से गुजरने वाले भारी वाहन उसकी चपेट में आ सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि ठेकेदार विभागीय सांठगांठ करते हुए जल्द से जल्द विद्युतीकरण कार्य को पूर्ण कर मोटी रकम निकालने की फिराक में लगा हुआ है।
इनका कहना है-
हमें आपके द्वारा सूचना मिली है हम ठेकेदार से बात करते हैं, कार्य स्थल का निरीक्षण कर सही तरीके से कार्य कराया जाएगा।
सुनील कुमार पटेल, कनिष्ठ अभियंता अनूपपुर।








