‘मुझे मेरा संकल्प याद है’ अभियान 30 अगस्त से
मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की पहल
7 सितंबर तक प्रदेश के 50 पर्यटन स्थलों पर होंगी विभिन्न गतिविधियां
अनूपपुर। प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर आने वाली महिला पर्यटकों में सुरक्षा और सहजता का भाव उत्पन्न करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना का संचालन किया जा रहा है। इसी के अंतर्गत रक्षाबंधन के अवसर पर 30 अगस्त से 7 सितंबर 2023 तक ‘मुझे मेरा संकल्प याद है’ अभियान चलाया जाएगा। प्रदेश के 20 संकुल अंतर्गत 50 पर्यटन स्थलों पर विभिन्न कार्यक्रम होंगे और संकल्प सुरक्षित पर्यटन विषय पर केंद्रित शुभंकर डिजाइन और लघु फिल्म निर्माण प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। इच्छुक प्रतिभागी टूरिज्म के सोशल मीडिया हैंडल्स और www.mptourism.com वेबसाइट के इवेंट पेज पर प्रतियोगिता में भाग ले सकते है। विजेताओं को विश्व पर्यटन दिवस 27 सितंबर को पुरस्कृत किया जाएगा।
प्रमुख सचिव श्री शुक्ला ने बताया कि अभियान में महिला पर्यटक एवं सुरक्षित पर्यटन विषय पर लघु फिल्म निर्माण और पर्यटन सखी शुभंकर निर्माण प्रतियोगिता के साथ पर्यटन सखी रेडियो धारावाहिक, रक्षा सूत्र बंधन आयोजन, पर्यटक रक्षा संकल्प व कजरिया/भुजरिया उत्सव व सावन के झूले जैसी गतिविधियां होंगी। जिला स्तर पर डीएटीसीसी, परियोजना सहयोग संस्थाओं और राज्य पर्यटन विकास निगम के संस्थानो में भी गतिविधिया आयोजित की जाएंगी।
गत वर्ष 2022 में सामुदायिक जागरूकता और संवेदनशीलता उत्पन्न करने के लिए रक्षाबंधन संकल्प सुरक्षित पर्यटन का 15 दिवसीय अभियान 10 अगस्त से 25 अगस्त तक चलाया गया था। 30 अगस्त से शुरू हो रहे संकल्प सुरक्षित पर्यटन अभियान की गतिविधि के तहत रेडियो धारावाहिक पर्यटन सखी का प्रसारण किया जाएगा। 30 अगस्त से 8 सितंबर तक प्रतिदिन प्रात 10:05 बजे और शाम 6:30 बजे आकाशवाणी से इसका प्रसारण होगा। वहीं पर्यटन सखी कार्यक्रम के लिए भी जिलेवार कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। दूरदर्शन द्वारा परियोजना पर अभियान के दौरान विभिन्न स्थलों पर गतिविधियों की शूटिंग की जाएगी। और इससे निर्मित पर्यटन सखी डॉक्यूमेंट्री का प्रसारण 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर किया जाएगा।