गांधी जी के आव्हान पर इंदौर के विद्यार्थी भी हुए थे शामिल
इन्दौर। देश के स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजों भारत छोड़ो ” आंदोलन निर्णायक था। मुंबई के ग्वालिया टैंक मैदान से गूंजी यह आवाज देश के दूरगामी ग्रामीण अंचलों तक शिद्दत के साथ सुनी गई। इसका असर इंदौर पर भी हुआ था। इसी आंदोलन की स्मृति को सजीव किया इंदौर इप्टा (भारतीय जन नाट्य संघ) इकाई के कलाकारों ने। बेहद विस्तृत आयाम में फैले इतिहास के इस अंश को 45 मिनट की समयावधि में समेटना आसान काम तो नहीं था।
नाट्य प्रस्तुति में भारत छोड़ो आंदोलन की पृष्ठभूमि, आंदोलन के दौरान अरुणा आसफ अली द्वारा झंडा फहराया जाना, पुलिस द्वारा अश्रु गैस के गोले फेंकना, क्षेत्र की महिलाओं द्वारा आंदोलनकारियों को गीले तोलिए देकर उन्हें गेस के असर से बचाना, अंग्रेजों द्वारा द्वितीय विश्व युद्ध में भारत को शामिल करना, कांग्रेस का विरोध, राष्ट्रीय नेताओं की गिरफ्तारी की पृष्ठभूमी में मध्य प्रदेश के इंदौर, महाराष्ट्र के चिमूर, उत्तर प्रदेश के बलिया, बंगाल के मिदनापुर तक विस्तारित हुए आंदोलन का असर अन्य क्षेत्रों पर भी दिखाया गया। मुंबई के कपड़ा मिलों के मजदूर, तेलंगाना, वर्ली, तिभागा में किसानों के संघर्ष से होते हुए बंगाल के अकाल, आजाद हिंद फौज के सैनिकों पर मुकदमा, नौसेना का विद्रोह से कहानी निरंतर जुड़ती चली गई।
नाटक में आंदोलन की नायिका अरुणा का आसिफ अली से प्रेम विवाह को वर्तमान संदर्भ में देखा गया। देश की आजादी के जश्न में विख्यात नृत्यांगना- अभिनेत्री जोहरा सहगल द्वारा मुंबई की सड़कों पर आमजन के साथ नाचने की प्रस्तुति बेहद प्रभावशाली थी। पात्रों द्वारा सहज एवं निर्बाध संवाद शैली ने नाटक की गति को बनाए रखा, बोझिल होने से बचाया। विस्तृत कथानक को अल्प अवधि में बिना किसी अतिरिक्त नाटकीयता से प्रस्तुत करने के पीछे निर्देशक जया मेहता सहनिर्देशक गुलरेज खान संगीत देने में शर्मिष्ठा की महत्व भूमिका रही है। विनीत तिवारी ने सूत्रधार की भूमिका के साथ शोध कार्य में भी हाथ बटाया। उल्लेखनीय है कि इंदौर होलकर कॉलेज के चार युवा विद्यार्थी जिनमें एक छात्रा भी थी (आनंद सिंह मेहता, इंदू पाटकर, जोहरी लाल झांझरिया, नाथूलाल जैन) गांधी जी के आव्हान पर भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लेने के लिए ग्वालिया मैदान पहुंचे थे। वहां से लौटकर इन विद्यार्थियों ने इंदौर में आंदोलन को विस्तार दिया। नाटक में इनका उल्लेख रोमांचित करने वाला था।
नाट्य प्रस्तुति में मख़्दूम मोइनुद्दीन के गीत ” यह जंग है जंगे आजादी और शैलेंद्र का गीत ” तू जिंदा है तो जिंदगी की जीत पर यकीन कर ने आजादी के मूल्यों को सहेजने और सुखद मानवीय जीवन की आशा, और विश्वास को बनाए रखने के लिए दर्शकों को प्रेरित किया।
कलाकार प्रमोद बागड़ी, सारिका श्रीवास्तव, उजान, अथर्व, रवि शंकर, शिवम, अनंत, नंदिनी, हर्षिता के सधे और आत्मविश्वास से भरे अभिनय ने दर्शकों का मन मोह लिया। सीमित संसाधनों में इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय को प्रस्तुत करने में सफल इप्टा संगठन को बधाई।