कोतमा। राजकुमार तिवारी। खोडरी गांव स्थित नवनिर्मित चोरा मंदिर मडिया धाम में स्थापित मां जगदंबा की प्राण प्रतिष्ठा के लिए 3 मई से लेकर 13 मई तक आयोजित होने वाले श्री शत चंडी महायज्ञ के लिए बुधवार को कलश शोभा यात्रा गई।कलश शोभा यात्रा में करीब हजारों महिला-पुरुष बच्चे श्रद्धालु अपने सर पर कलश लेकर चल रहे थे।साथ ही कलश शोभायात्रा में रथ,घोड़ा,गाजा बाजा भी शामिल थे।कलश शोभा यात्रा में शामिल श्रद्धालु यज्ञ स्थल से पैदल चलकर बरने नदी के घाट पहुंचे।जहां सोमनाथ से आए वैदिक ब्राह्मणों की टीम के मंत्रोचारण के साथ श्रद्धालुओं ने स्नान,ध्यान,पूजन,संकल्प करने के बाद अपने कलश में जल भरा। गगनभेदी जयकारा के साथ कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालु ग्राम क्षेत्र के भ्रमण करते हुए यज्ञस्थल पर पहुंचें एवं कलश को यज्ञ मंडप में स्थापित किया। महायज्ञ समिति के ग्राम के उपसरपंच रामजी त्रिपाठी ने बताया कि संत कामधगिरि पीठाधीश जगत गुरु रामानंद स्वामी की प्रेरणा से ग्राम के बड़े बुजुर्गों के संरक्षण में महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। महायज्ञ में प्रवचन करने के लिए विभिन्न जगहों से संत महात्मा का आगमन हो चुका है। महायज्ञ के दौरान श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए संस्कृत कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। त्रिपाठी ने बताया कि महायज्ञ को सफल बनाने के लिए ग्राम क्षेत्र का बच्चा बच्चा अपनी भूमिका निभा रहे है।

शक्ति की देवी है मां दुर्गा
कोतमा से सटे खोडरी ग्राम में शतचंडी महायज्ञ पंडित डॉ ओम प्रकाश शास्त्री के आचार्यत्व में चल रहा है।बुधवार को शायंकालीन आरती के पश्चात भजन संध्या का आयोजन किया गया। आचार्य बृज दास शास्त्री ने यज्ञ की महिमा को बताते हुए कहा कि मां दुर्गा शक्ति की देवी हैं। मां दुर्गा को प्रसन्न करने के लिए जिस यज्ञ विधि को पूर्ण किया जाता है,उसे शतचंडी यज्ञ कहा जाता है। यज्ञ को सनातन धर्म में बेहद शक्तिशाली वर्णित किया गया है। ग्राम के प्रमुख मडिया धाम में शतचंडी यज्ञ में श्रद्धालु आहुति के लिए पहुंच रहे हैं।
आचार्य अभिमन्यु त्रिपाठी ने कहा यज्ञ की पवित्र अग्नि के माध्यम से हम जो आहुति डालते हैं वो देवताओं तक पहुंचती है और देवता हमें आशीर्वाद देते हैं।इस मौके पर आचार्य तीरथ प्रसाद द्विवेदी अर्पित तिवारी अमन शुक्ला गोविंद नारायण तिवारी आदि यज्ञ को सफल बनाने में जुटे।
प्रसिद्ध कथा वाचक सिया भारती भी पहुंची
उपसरपंच रामजी त्रिपाठी ने बताया कि सुप्रसिद्ध कथा वाचक सिया भारती जी दूसरी बार खोडरी ग्राम में पधार रही हैं,जो भगवान श्री कृष्ण की अमृतमय कथा से सभी को निहाल करेंगी।कथा स्थल पर क्षेत्र के कारीगरों की ओर से 100 फुट चौड़ा और 500 फुट लम्बा पंडाल तैयार किया जा रहा है जबकि मंच की सजावट के लिए कलाकार अपनी सेवाएं निभा रहे हैं।
बलराम जयसवाल ने बताया कि इस भव्य आयोजन के मुख्य यजमान ग्रामवासी होंगे। जयसवाल ने बताया कि ग्राम क्षेत्र के लोग सह-यजमान के रूप में सेवा करेंगे।
यज्ञ मंडप की परिक्रमा के लिए उत्साहित ग्रामवासी
यज्ञ प्रारंभ होने के बाद भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर सुख समृद्धि की कामना की तैयारी में जुटे हैं।यज्ञ स्थल पर आज बुधवार को शास्त्री अभिमन्यु त्रिपाठी ने उपस्थित श्रद्धालुओं को बताया कि, संसार के समस्त जीवो में मानव की श्रेष्ठता सर्वमान्य है।
उन्होंने कहा कि यदि हमारे विचार श्रेष्ठ होंगे तो हम उन्नति के शिखर पर पहुंच सकते हैं परंतु यदि हमारे विचार सही नहीं होंगे तो पतन का रास्ता निश्चित है। कहा कि मनुष्य को अपने कर्मों के प्रति सदैव सावधान रहना चाहिए शुभ एवं पुण्य कर्मों में निरत रहना चाहिए। कहा कि जो जैसा करता है उसे वैसा ही फल प्राप्त होता है, इसलिए हम सभी को सत्कर्म करते हुए की प्रभु की आराधना करनी चाहिए। संत प्रवचन में भारी संख्या में महिलाएं श्रद्धालु और बच्चे उपस्थित थे।
क्षेत्र के सभी दलों के नेता भी पहुंचे
यज्ञ स्थल पर क्षेत्र के सभी राजनीतिक दलों के नेता भी पहुंचकर जनता के बीच में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए यज्ञ स्थल पर मत्था टेक कर आशीर्वाद प्राप्त करने में जुटे।