– किसान ने कहा जल्द हो नुकसान की भरपाई

शिवपुरी। रंजीत गुप्ता। शिवपुरी जिले में पिछले कुछ दिनों से बिगड़े मौसम के बीच कोलारस में ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। कोलारस विधानसभा के ग्राम रिजोदा में ओलावृष्टि से भारी नुकसान हुआ है। यहां पर शनिवार को रिजोदा मौजा लुक्की, मोहनपुर में ओलावृष्टि से लगभग 80 से 90 प्रतिशत तक फसलों को नुकसान हुआ है।
स्थानीय किसानों ने बताया कि यहां पर धनिया में 90 से 100 प्रतिशत नुकसान हुआ है। गेहूं व सरसों में लगभग 50 प्रतिशत नुकसान हुआ है। स्थानीय किसानों ने बताया कि ओलावृष्टि के दौरान अचानक मौसम बदलने से ओले गिरे। फसलों पर इस ओलावृष्टि से खड़ी फसलों को नुकसार हुआ है। इसके अलावा कुछ ग्रामीणों व किसानों के पशुओं की मृत्यु हो गई है। किसानों ने यहां पर प्रशासन से जल्द से जल्द सर्वे कराकर नुकसान की भरपाई की मांग की है। कोलारस विधानसभा में इस ओलावृष्टि से किसानों को हुए नुकसान को लेकर कोलारस विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने किसानों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। विधायक के निर्देश पर स्थानीय भाजपा नेता राजकुमार रघुवंशी व अन्य नेताओं ने ओलावृष्टि से प्रभावित गांवों में पहुंचकर किसानों को ढांढस बंधाया और जल्द सर्वे कर नुकसान की भरपाई की बात कही।