अमरकंटक में पितृमोक्ष अमावस्या पर नर्मदा तटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

रामघाट , पुष्कर बांध और अरंडी संगम में स्नान , तर्पण व पिंडदान कर पितरों को किया स्मरण

अमरकण्टक।  श्रवण कुमार उपाध्याय।  मां नर्मदा की पावन उद्गम स्थली / पवित्र धार्मिक नगरी अमरकंटक में शनिवार को पितृमोक्ष अमावस्या को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाई गई । इस अवसर पर रामघाट , पुष्कर बांध एवं अरंडी संगम स्थित नर्मदा तटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे । श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान कर अपने पितरों की आत्मिक शांति एवं सद्गति की कामना से जल तर्पण , श्राद्ध और पिंडदान किया ।

प्रातःकाल से ही नर्मदा तटों पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था । पुरोहितों के मार्गदर्शन में विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए । श्रद्धालुओं ने जल , तिल एवं पूजन सामग्री अर्पित कर अपने दिवंगत पूर्वजों का स्मरण किया और परिवार की सुख-शांति , समृद्धि एवं कल्याण की कामना की । इसी के साथ सोलह दिवसीय पितृ पक्ष का समापन हुआ ।

कुल देवी-देवताओं और पारंपरिक अस्त्र-शस्त्रों का पूजन

श्राद्ध अमावस्या पर इंदौर , उज्जैन , रायसेन , धार , शाजापुर , रतलाम , देवास सहित मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने अपनी पारिवारिक परंपराओं के अनुसार कुल देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की । इस दौरान पारंपरिक अस्त्र-शस्त्रों का भी पूजन किया गया । भजन , नृत्य और जयकारों के बीच श्रद्धालु भक्तिभाव में लीन नजर आए ।

शनि देव की पूजा कर मांगा आशीर्वाद

शनि अमावस्या के संयोग पर श्रद्धालुओं ने पीपल वृक्ष का पूजन कर आरती की तथा शनि देव को तेल और पुष्प अर्पित किए । भक्तों ने शनि देव से सुख-समृद्धि , परिवार की खुशहाली और जीवन में सुख-शांति बनाए रखने की प्रार्थना की ।