अनूपपुर: पुष्पराजगढ़ में अतिथि शिक्षकों ने भरी हुंकार, सरकार को चेताया

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

पुष्पराजगढ़ में अतिथि शिक्षकों ने भरी हुंकार, सरकार को चेताया
वादों पर उठे सवाल, मांगों को लेकर तेज हुआ अभियान
संगठन को मजबूत करने जुटे अतिथि शिक्षक, आगामी आंदोलन की बनाई रणनीति
भविष्य सुरक्षित करने और नियमितीकरण की मांग को लेकर बढ़ रही एकजुटता


अनूपपुर/पुष्पराजगढ़। वर्षों से शिक्षा व्यवस्था में अपनी सेवाएं दे रहे अतिथि शिक्षकों की मांगों को लेकर अब आवाज तेज होती दिखाई दे रही है। पुष्पराजगढ़ ब्लॉक में अतिथि शिक्षकों ने बैठक कर अपनी मांगों, संगठन की मजबूती और आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में सरकार की ओर से किए गए वादों को लेकर नाराजगी जताते हुए शिक्षकों ने कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस निर्णय की जरूरत है। पुष्पराजगढ़ के सामुदायिक भवन में रविवार को आयोजित हुई इस बैठक में अतिथि शिक्षकों ने खुले तौर पर सरकार को चेताते हुए यह संदेश दे दिया है कि अब वह आर पार की लड़ाई का मन बना लिए हैं, उन्हें उनका हक मिले और उनके पद को स्थाई मानते हुए उनका भविष्य सुरक्षित किया जाए नहीं तो आने वाले समय में वह सरकार के नीतियों के विरोध में सड़क में उतरने को मजबूर हो जाएंगे।

वादों को लेकर अतिथि शिक्षकों में नाराजगी

अतिथि शिक्षकों का कहना है कि लंबे समय से वे शिक्षा व्यवस्था में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सरकार लगातार उनके साथ छलावा कर रही है उनको सिर्फ धोखे में रखा जा रहा है। कई बार सरकार द्वारा उनको नियमित करने की दिशा में काम करने और भविष्य सुरक्षित करने की बात कही लेकिन आज तक उनके भविष्य को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है जिससे अब अतिथि शिक्षकों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

पुष्पराजगढ़ से तेज होगी अभियान की आवाज

बैठक में अतिथि शिक्षकों ने अभियान को ब्लॉक स्तर पर मजबूत करने का निर्णय लिया। अधिक से अधिक शिक्षकों को संगठन से जोड़ने और मांगों को प्रभावी तरीके से शासन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। शिक्षकों ने कहा कि अलग-अलग आवाजों के बजाय संगठित होकर अपनी मांगों को सामने रखना जरूरी है। इसी उद्देश्य से ब्लॉक स्तर पर संपर्क और बैठकों का सिलसिला आगे बढ़ाने की रणनीति तैयार की गई। संकुल स्तर पर टीम बनाकर संघ को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

आगामी आंदोलन की शुरू हुई तैयारी

बैठक में आगामी आंदोलन को लेकर भी चर्चा हुई। शिक्षकों ने कहा कि आने वाले दिनों में आंदोलन को लेकर व्यापक रणनीति तैयार की जाएगी और संगठन के निर्णय के अनुसार आगे की गतिविधियां संचालित की जाएंगी। वहीं विधानसभावार अब बैठक कर जनप्रतिनिधियों के पास जाकर अपने भविष्य को सुरक्षित करवाने की बात सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। अगर सरकार हमारी बात नहीं मानती है तो आगामी समय में अतिथि शिक्षक बड़े आंदोलन की भी तैयारी करेगी।

जिला अध्यक्ष ने एकजुटता का दिया संदेश

पुष्पराजगढ़ ब्लॉक की बैठक में अतिथि शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष मनलाल साहू ने जिले के अतिथि शिक्षकों से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने को कहा। उन्होंने कहा कि हम एकजुट होंगे तभी हमें सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि हम जिले के सभी संकुल में जाने का प्रयास करेंगे जिसमें सबकी समस्या सुनने और सबको आन्दोलन में जुड़ने के साथ ही आगामी बैठकों में उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर देने की बात कही गई। इस बैठक में मुख्य रूप से जिला मीडिया प्रभारी व सचिव धनपत पटेल, जैतहरी ब्लॉक अध्यक्ष रविशंकर सोनी, पुष्पराजगढ़ ब्लाक अध्यक्ष जगदीश यादव, बुधराम मांझी, मोतीलाल सिंह, रामशंकर प्रजापति, परीक्षित सिंह, नागेन्द्र सिंह, दीपा सोनी समेत सैंकड़ों अतिथि शिक्षक सम्मिलित हुए।