अनूपपुर: प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण का आरोप, केरल व अन्य राज्यों से पहुंचे संदिग्ध; जांच में जुटी पुलिस
अनूपपुर जिले में धार्मिक स्वतंत्रता कानून की धज्जियां उड़ाने का एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 09 में पारिवारिक आयोजन की आड़ लेकर गुपचुप तरीके से बड़े पैमाने पर धर्मांतरण की सभा चलाए जाने का पर्दाफाश हुआ है। स्थानीय लोगों के विरोध और पुलिस की अचानक हुई छापेमारी से हड़कंप मच गया है।
सबसे चौकाने वाली बात यह है कि बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के आयोजित इस संदिग्ध सभा में स्थानीय निवासियों के साथ-साथ केरल समेत देश के अन्य राज्यों से आए बाहरी लोगों की मौजूदगी पाई गई है। प्रार्थना और पारिवारिक मिलन का मुखौटा पहनकर चलाए जा रहे इस खेल के पीछे किसी बड़े अंतरराज्यीय सिंडिकेट के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है, जिसने पूरे जिले में प्रशासनिक ढिलाई और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड 09 स्थित पास्टर येशु दास के आवास पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए थे। स्थानीय लोगों एवं शिकायतकर्ताओं को जब इस बात की भनक लगी कि वहां सामूहिक प्रार्थना और धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। शिकायतकर्ताओं का यह भी दावा है कि इस आयोजन के लिए न तो पुलिस और न ही जिला प्रशासन से कोई अनुमति ली गई थी। इसके अतिरिक्त, इस कार्यक्रम में केरल तथा अन्य राज्यों से भी लोगों का आगमन हुआ था, जिससे संदेह और बढ़ गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम शिकायतकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस बल के पहुंचते ही कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, गृहस्वामी एवं पास्टर का दावा है कि यह केवल एक निजी पारिवारिक कार्यक्रम था, जिसमें रिश्तेदार और परिचित ही शामिल हुए थे। इसके विपरीत, शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि बाहरी राज्यों से आए लोगों को बुलाकर प्रार्थना की आड़ में सभा ली जा रही थी।
पुलिस की जांच जारी
मामले की संवेदनशीलता और बाहरी राज्यों से लोगों के आगमन को देखते हुए पुलिस ने स्थिति को संभाला और मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए। पुलिस प्रशासन का कहना है कि बिना अनुमति आयोजित इस सभा और धर्मांतरण के आरोपों की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिले में धर्मांतरण के मामलों पर चिंता
गौरतलब है कि वर्तमान समय में अनूपपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियां लगातार चर्चा का विषय बनी हुई हैं। स्थानीय निवासियों और सामाजिक संगठनों का आरोप है कि जिले के ग्रामीण व शहरी इलाकों में बाहरी लोगों की मिलीभगत से गरीब और सीधे-साधे लोगों को बहला-फुसलाकर या प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने वाले गिरोह सक्रिय हैं।
वार्ड 09 की इस घटना और अन्य प्रदेशों से आए लोगों की मौजूदगी के बाद स्थानीय नागरिकों में गहरा रोष व्याप्त है। उन्होंने पुलिस व प्रशासन से जिले में बिना अनुमति चल रही ऐसी संदिग्ध व अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
इनका कहना है
शिकायत के आधार पर पुलिस जांच कर रही है अभी सभी के बयान दर्ज किए जा रहे हैं परिवार का कहना है कि यह उनका पारिवारिक कार्यक्रम था
संजय अशोक एक्का
कोतवाली प्रभारी अनुपपुर








