सुरक्षाकर्मियों को धमकाकर ले गए सिंधिया रियासत की ऐतिहासिक तोप
– 12 दिन पहले दिया था ‘ट्रेलर’, तब भी नहीं हुई सुरक्षा पुख्ता
शिवपुरी। रंजीत गुप्ता। जिले के ऐतिहासिक नरवर किले से 16वीं शताब्दी की तोप चोरी होने का मामला सामने आया है। 15-16 जुलाई की दरम्यानी रात 25 से 30 हथियारबंद बदमाश किले के पिछले रास्ते से लोडिंग गाड़ियां लेकर घुसे और पहरा दे रहे सुरक्षाकर्मियों को धमकाकर तोप लूट ले गए।
सुरक्षाकर्मी बाल किशन ने बताया कि रात में अचानक बदमाश आ धमके। सुरक्षा के नाम पर उनके पास सिर्फ डंडा था और टॉर्च तक नहीं थी। बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर उन्हें वहां से भगा दिया। किले में सीसीटीवी और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था भी नहीं होने से बदमाशों को वारदात करने में आसानी रही।
किले की ओपन कचहरी में पहले 14 तोपें रखी थीं, अब 13 बची हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बदमाशों ने इस वारदात का ‘ट्रेलर’ 5 जुलाई को ही दिखा दिया था। उस दिन उन्होंने तोप को नीचे गिरा दिया था, लेकिन वजन अधिक होने के कारण उसे ले नहीं जा सके। इसके बावजूद पुरातत्व विभाग और प्रशासन ने कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए और सुरक्षा बढ़ाने के बजाय मामले को सामान्य चोरी समझा गया।
16 जुलाई को केयरटेकर ने नरवर थाने में शिकायत दी। किले के पिछले दुर्गम रास्ते पर टायरों के निशान मिले हैं, जिससे स्पष्ट है कि तोप को गाड़ी में लादकर ले जाया गया है। पुलिस शुरुआती दौर में मामले को गंभीरता से नहीं ले रही थी, लेकिन अब अंतरराष्ट्रीय एंटीक तस्कर गिरोह के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने आसपास के जिलों में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी है।
क्यों खास हैं ये तोपें –
नरवर किले में रखी तोपें सिंधिया राजवंश के समय की हैं। ये पीतल, तांबा, कांसा और अष्टधातु के मिश्रण से बनी हैं और उन पर राजचिह्न व फारसी-देवनागरी लिपियां अंकित हैं। ऐतिहासिक महत्व के कारण ये अमूल्य हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय ब्लैक मार्केट में 16वीं शताब्दी की ऐसी तोपों की कीमत 2 से 5 करोड़ रुपये तक आंकी जाती है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी धरोहरों की तस्करी संगठित गिरोह करते हैं।
राज्य पुरातत्व विभाग के डिप्टी डायरेक्टर तरुण कुमार महोबिया ने कहा कि मामला गंभीर है। वे जल्द किले का निरीक्षण करेंगे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे। वहीं करैरा एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने भी जांच की बात कही है और कहा कि दोषियों को जल्द पकड़ा जाएगा।






