जल गंगा संवर्धन अभियान में गौतमपुरा का उत्कृष्ट प्रदर्शन, दो कर्मचारियों को मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने किया सम्मानित

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

गौतमपुरा। मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रदेशभर में जल संरक्षण, जल स्रोतों के पुनर्जीवन एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान का मंगलवार, 30 जून 2026 को औपचारिक समापन किया गया। अभियान के समापन अवसर पर इंदौर के जाल सभागृह में आयोजित जिला स्तरीय सम्मान समारोह में नगर परिषद गौतमपुरा को अभियान के दौरान किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए विशेष पहचान मिली। नगर परिषद के दो कर्मचारियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

नगर परिषद गौतमपुरा में मुख्य नगर पालिका अधिकारी मयूरी वर्मा के निर्देशन में अभियान के दौरान जल संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर विभिन्न गतिविधियां संचालित की गईं। नगर क्षेत्र में जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता, जनजागरूकता, श्रमदान तथा जल बचाने के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। पूरे अभियान के दौरान कर्मचारियों ने टीम भावना के साथ कार्य करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप कार्यक्रमों को सफल बनाया।

अभियान में उत्कृष्ट कार्य के लिए नगर परिषद के जलप्रदाय प्रभारी ईश्वर शर्मा एवं प्रभारी दरोगा पवन गोसर को मध्यप्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह में प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधायक गोलू शुक्ला, रीना सतीश मालवीय तथा सिद्धार्थ जैन भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने सम्मानित कर्मचारियों की कार्यनिष्ठा की सराहना करते हुए जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

सम्मान समारोह के बाद नगर परिषद गौतमपुरा में खुशी का माहौल रहा। नगर परिषद अध्यक्ष हर्षाली गगन बाहेती, उपाध्यक्ष राजा जागीरदार, सभी पार्षदगण, परिषद के अधिकारी-कर्मचारी एवं नगरवासियों ने ईश्वर शर्मा एवं पवन गोसर को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह सम्मान केवल दो कर्मचारियों का नहीं, बल्कि पूरी नगर परिषद की टीम के समर्पण और मेहनत का सम्मान है।

उन्होंने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के माध्यम से नगर में जल संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ी है और प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण की दिशा में सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है। भविष्य में भी नगर परिषद गौतमपुरा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी प्रतिबद्धता के साथ क्रियान्वित करती रहेगी तथा जल संरक्षण को जनभागीदारी के माध्यम से निरंतर आगे बढ़ाने का प्रयास करेगी।

नगरवासियों ने भी नगर परिषद के इस सम्मान को पूरे गौतमपुरा के लिए गौरव का विषय बताते हुए उम्मीद जताई कि इसी प्रकार जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों में नगर परिषद आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रहेगी।