स्टेट बैंक रोड पर ‘दिव्य श्री राम कथा’ की धूम

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

स्वामी नंदनानंद जी की अमृतवाणी सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु
अनूपपुर में उमड़ रहा भक्तों का सैलाब, आज होगा प्रभु श्री राम का भव्य राज्याभिषेक उत्सव, बुधवार को विशाल भंडारा
अनूपपुर। नगर के वार्ड नंबर 8, स्टेट बैंक रोड स्थित निज निवास पर आयोजित नौ दिवसीय भव्य ‘दिव्य श्री राम कथा’ में इन दिनों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। 25 मई से प्रारंभ हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र के प्रसिद्ध कथावाचक पूज्य सद्गुरुदेव भगवान अनंत श्री विभूषित परमहंस स्वामी श्री गिरीशानंद सरस्वती जी महाराज के परम कृपा पात्र शिष्य ब्रह्मचारी नंदनानंद जी महाराज के मुखारविंद से ज्ञान, भक्ति और वैराग्य की त्रिवेणी बह रही है, जिसका रसपान करने बड़ी संख्या में नगरवासी पहुंच रहे हैं।
इस भव्य धार्मिक आयोजन के मुख्य यजमान व कथा श्रवणकर्ता वार्ड के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित निवासी श्री सुखलाल जायसवाल एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती शकुंतला जायसवाल हैं। वे अपने समस्त बच्चों एवं परिवार सहित इस पावन कथा का पूर्ण विधि-विधान से श्रवण कर रहे हैं। उनके साथ ही सह-श्रवणकर्ता के रूप में श्रीमती गीता एवं श्री जगदीश जायसवाल भी सपरिवार कथा का लाभ ले रहे हैं।
महापुरुषों के चरित्र से मिलती है मर्यादित जीवन की प्रेरणा
कथा व्यास पीठ से ब्रह्मचारी नंदनानंद जी महाराज ने अपनी ओजस्वी और मधुर वाणी से प्रभु श्री राम के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए समाज को मर्यादित जीवन जीने की प्रेरणा दी। कथा प्रतिदिन दोपहर 4:00 बजे से सायं 7:00 बजे तक आयोजित की जा रही है, जिसमें भजनों की धुनों पर श्रद्धालु झूम उठते हैं।
दिव्य प्रसंगों की रही धूम:
कथा का शुभारंभ सोमवार, 25 मई को सर्वदेव प्रतिष्ठा, भव्य शोभायात्रा एवं श्री राम कथा महात्म्य के साथ हुआ था। इसके पश्चात क्रमिक रूप से दिव्य प्रसंगों का वाचन किया गया:
26 मई: श्री भारद्वाज संवाद एवं सती मोह प्रसंग।
27 मई:श्री शिव विवाह एवं नारद मोह प्रसंग की जीवंत व्याख्या।
28 मई:श्री राम जन्मोत्सव एवं बाल लीला प्रसंग (पालना उत्सव धूमधाम से मनाया गया)।
29 मई:श्री राम विवाह उत्सव का भव्य आयोजन।
30 मई: श्री राम वनवास एवं केवट प्रसंग की मार्मिक प्रस्तुति।
31 मई: श्री भरत चरित्र एवं शबरी प्रसंग पर भावपूर्ण व्याख्यान।
01 जून श्री हनुमान चरित्र एवं लंका काण्ड का वर्णन, जिसमें हनुमान जी की भक्ति और पराक्रम की सराहना की गई।

आज होगा रामराज्याभिषेक, बुधवार को पूर्णाहुति व भंडारा
आयोजन समिति ने बताया कि आज मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम का भव्य राज्याभिषेक उत्सव मनाया जाएगा और इसी के साथ कथा विश्राम लेगी। इसके अगले दिन बुधवार को भव्य यज्ञ, पूर्णाहुति एवं विशाल महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद ग्रहण करने की विशेष व्यवस्था की गई है।
धर्मप्रेमियों से शामिल होने की अपील
जायसवाल परिवार तथा स्थानीय धर्मप्रेमियों ने नगर व आसपास के सभी भक्तों एवं श्रद्धालुओं से विनम्र अपील की है कि वे इस पावन धार्मिक अनुष्ठान के अंतिम दिनों में अधिक से अधिक संख्या में कथा स्थलनकृष्णा डेयरी, स्टेट बैंक के सामने, अनूपपुर पहुंचकर प्रभु की अमृतमयी कथा का श्रवण करें, आरती का लाभ लें एवं महाप्रसाद ग्रहण कर पुण्य के भागी बनें।