युवा संगम कार्यक्रम में 136 ने कराया पंजीयन: 10 कंपनियों ने चुने 96 युवा, मिले ऑफर लेटर
-. आईटीआई केंद्र में लगा रोजगार मेला: स्वरोजगार योजनाओं से 58 हितग्राही लाभान्वित
शिवपुरी। रंजीत गुप्ता। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग तथा रोजगार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शिवपुरी के आईटीआई केंद्र में युवा संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। युवाओं को रोजगार से जोड़ने की इस पहल में निजी क्षेत्र की 10 कंपनियों ने भाग लिया। मेले में 136 युवक-युवतियों ने ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीयन कराया, जिसमें से 96 आकांक्षी युवाओं का प्रारंभिक चयन कर उन्हें मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत इस माह 58 स्वरोजगारियों को 1 करोड़ 57 लाख रुपये से अधिक का हितलाभ वितरण भी किया गया। युवाओं को वित्तीय साक्षरता एवं कौशल विकास से संबंधित राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना और प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना की विस्तृत जानकारी दी गई।
ऑफर लेटर पाने वाले युवाओं ने खुशी जताई। युवक गजेंद्र कुशवाह ने कहा कि उन्होंने कैंप में आवेदन दिया है और ऐसे कार्यक्रम लगातार होने चाहिए। वहीं करन मजूमदार ने बताया कि मेले में आवेदन करने से रोजगार की उम्मीद जगी है। ऐसे मेले नियमित लगते रहना चाहिए।
जिला रोजगार अधिकारी बीएस मीना ने बताया कि जिला प्रशासन ने विभिन्न विभागों के सहयोग से युवा संगम कार्यक्रम आयोजित किया। इसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर योजनाओं का लाभ उठाया।






