शिवपुरी में पेयजल संकट गहराया: रामबाग कॉलोनी में 4 दिन से ट्यूबवेल बंद, कई जगह सिंध योजना की सप्लाई भी ठप

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

42 डिग्री गर्मी में वार्ड-7 के लोग पानी को परेशान

शिवपुरी। रंजीत गुप्ता। शिवपुरी नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड-7 सर्किट हाउस रोड स्थित रामबाग कॉलोनी में पिछले चार दिन से पेयजल संकट बना हुआ है। यहां नगर पालिका के ट्यूबवेल की मोटर खराब होने से यह बंद पड़ा है। यहां पर नगर पालिका के द्वारा चार दिन बाद भी नई मोटर नहीं डाली गई।

स्थानीय रहवासियों ने बताया कि भीषण गर्मी में तापमान 42 डिग्री तक पहुंच रहा है। ऐसे में पानी न मिलने से हालात बदतर हो गए हैं। महिलाओं और बच्चों को दूर से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी नगर पालिका ने सुध नहीं ली। रहवासियों ने नगर पालिका से जल्द मोटर डलवाकर सप्लाई शुरू कराने की मांग की है।

इधर, शहर के अन्य वार्डों में भी हालात ठीक नहीं हैं। दो दिन से सिंध जलावर्धन योजना के तहत पाइपलाइन से पानी की सप्लाई बंद है। इससे कई वार्डों में संकट गहरा गया है। नलों में पानी नहीं आ रहा, लोग टैंकरों के भरोसे हैं।

नागरिकों का कहना है कि गर्मी शुरू होते ही नगर पालिका की व्यवस्थाएं फेल हो गई हैं। न ट्यूबवेल समय पर सुधर रहे हैं, न पाइपलाइन की सप्लाई नियमित है। निजी बोर और टैंकरों से महंगा पानी खरीदना पड़ रहा है।