अनूपपुर: राष्ट्रीय सेवा व्यक्तित्व के समग्र विकास का सशक्त माध्यम : प्रो. सक्सेना

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

*राष्ट्रीय सेवा व्यक्तित्व के समग्र विकास का सशक्त माध्यम : प्रो. सक्सेना*


अनूपपुर। शासकीय तुलसी महाविद्यालय, अनूपपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर सातवें दिवस समापन समारोह के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समापन समारोह महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सक्सेना के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रो. सक्सेना ने अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा से ही विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का समग्र विकास संभव है। उन्होंने सात दिवसीय विशेष शिविर के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समाज के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन हेतु सदैव तत्पर रहने के लिए प्रेरित किया।


कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. जे. के. संत ने विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उन्हें अनुशासन, सेवा भावना एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने का संदेश दिया। वहीं डॉ. राधा सिंह ने भी अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को समाज सेवा के महत्व से अवगत कराते हुए निरंतर सक्रिय रहने की प्रेरणा दी।
समापन अवसर पर महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं बर्री ग्राम पंचायत के ग्रामवासियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने सामूहिक रूप से आयोजित लंच में सहभागिता की, जिससे आपसी समन्वय एवं सहयोग की भावना को बल मिला।
तत्पश्चात पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें शिविर के सभी प्रतिभागियों को कैप, प्रमाण-पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। विशेष रूप से बेस्ट कैंपर के रूप में महिला इकाई से वर्षा विराट एवं पुरुष इकाई से विजय कुमार को चयनित कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जिला संगठक ज्ञान प्रकाश पाण्डेय द्वारा प्रभावी ढंग से किया गया, जबकि अतिथियों के प्रति आभार प्रदर्शन कार्यक्रम अधिकारी सुश्री पूनम धांडे द्वारा व्यक्त किया गया।


इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सात दिवसीय विशेष शिविर के सफल समापन ने विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करते हुए उन्हें एक जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।