कन्या शिक्षा परिसर अनूपपुर में धूमधाम से मनाया गया प्रवेश उत्सव
अनूपपुर में बेटियों के स्वागत का उत्सव: कन्या शिक्षा परिसर में गूंजा “प्रवेश उत्सव”

अनूपपुर। कन्या शिक्षा परिसर अनूपपुर में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत उत्साह और उमंग के साथ “प्रवेश उत्सव” के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें छात्राओं, अभिभावकों एवं शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य के निर्देशन में किया गया, जहां छात्राओं के स्वागत के लिए सांस्कृतिक गतिविधियों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। छात्राओं ने गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिससे वातावरण उत्सवमय हो गया।
विद्यालय में नवप्रवेशित छात्राओं का तिलक लगाकर एवं पुष्प अर्पित कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। वहीं नव प्रवेशित छात्राओं का शिक्षक शिक्षिकाओं ने गीत गाकर स्वागत किया। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाना एवं उन्हें विद्यालय के प्रति अपनत्व का भाव पैदा करना था। वहीं नव प्रवेशित छात्राओं को पुस्तक वितरण भी किया गया।
प्राचार्य डॉ प्रमिला पांडेय ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बालिकाओं की शिक्षा समाज के विकास की नींव है। उन्होंने सभी छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। वहीं अन्य शिक्षक शिक्षिकाओं ने अपने अपने उद्बोधन रखे। कार्यक्रम में शॉर्ट फिल्म के माध्यम से विद्यालय की उपलब्धियों को दिखाया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन सुरेश कुमार तिवारी व अन्य सहयोगी शिक्षकों द्वारा किया गया।










