कोतवाली पुलिस के ऊपर मुंह देखी कार्यवाही का आरोप
चोरी की रेत सहित ट्रेक्टर ट्राली जप्त : दिखावे के लिए तीन आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस की मिलीभगत, धड़ल्ले से जारी है अवैध उत्खनन
कुछ बड़े माफियाओं को मिल रहा संरक्षण

अनूपपुर। थाना कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा रेत चोरी के मामले में ग्राम पंगना से लाल रंग की MAHENDRA YUVA TECH 275 DI ट्रेक्टर के ट्राली में लोड रेत अवैध परिवहन करते हुए ट्रेक्टर चालक मोहन सिहं पिता देवलाल सिहं उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम पंगना, ट्रेक्टर ट्राली के मालिक कुमान सिहं पिता रम्मू सिहं निवासी ग्राम पंगना जिला अनूपपुर एवं सुलोचन सिहं पिता साधू सिहं निवासी ग्राम पंगना के विरूद्ध थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 184/26 धारा 303(2), 317(5), 3(5) बी.एन.एस.4/21 खान खनिज अधिनियम 130(3)/177 एम.वी.एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए ट्रेक्टर ट्राली कुल कीमती 7,03,000 रूपये की जप्त किया जाकर तीनो आरोपियो को गिरफ्तार किया गया है।
कुछ खनिज माफियाओं से पुलिस की सांठ गांठ
गौरतलब है कि अनूपपुर पुलिस भी कुछ रेत चोरों खनिज माफियाओं को संरक्षण दे रही है कुछ ऐसे भी ट्रैक्टर चालक हैं जो पुलिस से सांठ गांठ कर लगातार अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर परिवहन कर रहे हैं। सूत्रों की मानें तो कुछ आरक्षक और प्रधान आरक्षक इसमें शामिल हैं इनको पूरी जानकारी होती है और रेत चोरों को संरक्षण देने का काम चल रहा है। पंगना, कांसा, पिपरिया दुधमनिया क्षेत्र के आधा दर्जन माफिया रेत का अवैध उत्खनन कर रहे हैं। ऐसे में साफ जाहिर होता है कि पुलिस कहीं न कहीं अवैध उत्खनन को संरक्षण दे रही है।
कुछ स्थानीय लोगों ने नाम न छापने की शर्त में बताया कि कांसा दुधमनिया, पिपरिया के अधिकांश खनिज माफिया इसमें शामिल हैं और पुलिस से सांठ गांठ करके लगातार रेत की चोरी कर रहे हैं उनपर कोई कार्यवाही नहीं होती, दिखावे के लिए पुलिस छोटे और गरीब चालकों पर कार्यवाही कर रही है और वाहवाही लूटती है।







