देपालपुर में रविदास समाज के सदस्य पर जानलेवा हमले के विरोध में ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

देपालपुर। संदीप सेन। उधमसिंह क्रांति सेना ने देपालपुर (जिला इंदौर) में रविदास समाज के सदस्य श्री धर्मेन्द्र परिहार पर दिनांक 03 मार्च  को हुए जानलेवा हमले के मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है। घटना के पश्चात आरोपियों पर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने तथा पीड़ित परिवार को लगातार धमकियां मिलने से समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

संगठन के संस्थापक श्री जीतू झालरिया जी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसडीओपी देपालपुर एवं पुलिस अधीक्षक, जिला इंदौर को ज्ञापन/शिकायती आवेदन प्रस्तुत कर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर आपत्ति दर्ज कराई।

ज्ञापन में बताया गया कि घटना स्थल भोई मोहल्ला, गणेश मंदिर के पास आरोपियों राजकुमार, धीरज, लाखन आदि द्वारा फरियादी धर्मेन्द्र परिहार पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया गया। साथ ही, थाना परिसर में भी फरियादी एवं उनके पिता श्री राजेश परिहार के साथ दुर्व्यवहार एवं मारपीट किए जाने तथा रिपोर्ट दर्ज करने में लापरवाही बरतने के आरोप लगाए गए हैं।

उधमसिंह क्रांति सेना ने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते न्याय नहीं मिला तो संगठन भारतीय संविधान के अनुच्छेद 19(1)(a) के तहत शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

संगठन की प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:

शेष आरोपियों के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज की जाए।

सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उन्हें जेल भेजा जाए।

घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज तत्काल जब्त किए जाएं।

पीड़ित परिवार के साथ अभद्रता करने वाले दोषी पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों पर विभागीय कार्यवाही की जाए।

फरियादी एवं उनके परिवार को तत्काल पुलिस सुरक्षा प्रदान की जाए।

एसडीओपी महोदय द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया तथा संगठन की मांगों पर सहमति व्यक्त की गई। इस पर उधमसिंह क्रांति सेना ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया, साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।

इस अवसर पर संगठन के इंदौर-उज्जैन संभाग समन्वयक श्री संतोष सिसोदिया, श्री गोकुल कच्छावा, श्री जगदीश मिस्त्री, श्री कमल ठेकेदार, श्री गोविंद सोलंकी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।